दांदरपुर गांव अब सोशल मीडिया पर छिड़े जातीय विवाद से गरमाने लगा है। इसी क्रम में श्रीमद्भागवत कथा की यजमान बनी महिला पर सोशल मीडिया में यादव समाज की महिलाओं पर अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, शनिवार को पुलिस ने सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वाले 11 लोगों को गिरफ्तार किया था।
जब से दांदरपुर की घटना हुई तब से सोशल मीडिया पर घटना के बारे में तरह-तरह की बातें कही और लिखी जा रही हैं। इनमें से कई बातें आपत्तिजनक भी हैं। यही वजह है कि पुलिस सोशल मीडिया पर नजर रख रही है। पुलिस को रविवार को यजमान महिला का एक विवादित वीडियो मिल गया। किसी यूट्यूबर से बात करते हुए महिला यादव समाज पर आपत्तिजनक बात कह रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ कार्रवाई कर दी है। वहीं, आरोपी महिला ने बताया कि वीडियो में उन्होंने कोई भी आपत्तिजनक बात नहीं कही है। उधर, एसपी देहात श्रीशचंद्र ने बताया कि यजमान बनी महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है। यूट्यूबर की भी तलाश की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।