ठगी के आरोपियों के साथ पुलिस, जानकारी देते एसएसपी अशोक त्रिपाठी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में इटावा पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के चार बदमाशों को रामनगर फाटक के पास से दबोचा है। गिरफ्तार बदमाशों में तीन आगरा और एक इटावा का है। बदमाशों ने अब तक 60 लाख रुपये ठगी करने की बात स्वीकारी है। पुलिस को साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस लाइन के सभागार में मंगलवार को एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया के कुछ दिनों से खबर मिल रही थी कि कुछ लोग महाराष्ट्र, गुजरात व अन्य प्रांतों के साप्ताहिक व दैनिक समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित करा रहे हैं। काल करने वाले लोगों से सोशल साइट पर चैटिंग कर उन्हें फंसाकर खाते में रुपये डलवा रहे हैं। इसमें अधिकतर शिकार कालेज के छात्र-छात्राएं हो रहे हैं। जांच में पता चला कि यह गिरोह इटावा में भी सक्रिय है।
उन्होंने गिरोह का पता लगाने के लिए क्राइम ब्रांच के अलावा सिविल लाइन थाना पुलिस को लगाया था। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच निरीक्षक जीवाराम यादव व सर्विलांस प्रभारी लाल सिंह ने ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को सोमवार शाम रामनगर फाटक के पास से दबोच लिया। वे वैन से भागने की फिराक में थे। इसके पास से तीन मोबाइल, एक टेबलेट और 1650 रुपये बरामद हुए हैं।