इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र स्थित चंदेठी गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव के एक घर के अंदर मां और बेटी की निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों के शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच-पड़ताल में अंदेशा जताया जा रहा है कि इस दोहरे हत्याकांड को घटना से दो दिन पहले अंजाम दिया गया था। एक साथ दो महिलाओं की बेरहमी से हत्या की खबर मिलते ही पूरे इलाके में दहशत और कोहराम मच गया।
मायके में रह रही थी विवाहिता बेटी, घर पर अकेली थीं दोनों
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदेठी गांव निवासी पुष्पा देवी अपनी विवाहिता बेटी निर्मला उर्फ मंजू के साथ घर में रह रही थी। मृतका निर्मला का अपने ससुराल पक्ष के साथ विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह पिछले करीब छह महीने से अपने मायके में ही रह रही थी। घर के अन्य परिजन जीविकोपार्जन के सिलसिले में बाहर रहकर नौकरी करते हैं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही भरथना थाना पुलिस के साथ-साथ जिले के तमाम उच्चाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को तुरंत सुरक्षित करते हुए साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस को शवों के पास ही एक चारपाई पर धारदार दरांती (हंसिया) बरामद हुई है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका के चलते पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।