कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय के सामने प्रशासन के सुनवाई न करने से आहत होकर एक युवक ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के गांधीनगर निवासी जितेंद्र कुमार चौहान उर्फ आशू ने बताया 16 नवंबर को घटतोली को लेकर मोहल्ले के कोटेदार का विरोध किया था। इस बात पर कोटेदार ने उसके साथ मारपीट कर दी थी।
इस मामले की में फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साथ ही विभागीय जांच भी राशन डीलर के खिलाफ शुरू की गई थी, जिसमें एक माह बीतने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई न होने को लेकर सोमवार को एडीएम से शिकायत करने पहुंचे थे, लेकिन कोई सुनवाई न किए जाने से क्षुब्ध होकर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया है।
वहां मौजूद लोग व पुलिस ने युवक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंचे सिविल लाइन थाने के प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। आंखों में पेट्रोल चले जाने से युवक की हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने भर्ती कर लिया।