मृतक की फाइल फोटो व गमगीन परिजन
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे स्टेशन के पूर्वी ओर डाउन ट्रैक पर गेट नंबर 20 के पास सोमवार सुबह करीब 8:35 बजे 20434 जम्मू मेल ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की कटकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान शिवम (28) पुत्र रामदास कश्यप निवासी इंद्रा नगर, कस्बा भरथना के रूप में हुई है। हादसा डाउन रेल ट्रैक पर किलोमीटर संख्या 1136/12 के पास हुआ। बताया गया कि सोमवार सुबह इटावा से कानपुर की ओर जा रही 20434 जम्मू मेल ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक फेरी लगाकर आइसक्रीम बेचने का काम करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
आसपास के लोगों के मुताबिक, घटना से पहले युवक को डाउन रेल लाइन पर बैठने और टहलते हुए देखा गया था। ट्रेन को आता देख लोगों ने चीखकर उसे पटरी से हटने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन वह नहीं हटा और ट्रेन की चपेट में आ गया। इसको लेकर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौके पर मौजूद परिजन घटना की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं कर सके। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और शव देखकर बिलखने लगे। सूचना पर जीआरपी चौकी प्रभारी अजब सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।