इटावा जिले में आगामी त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले में लगातार छापामार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अबतक 33 नमूने लिए जा चुके है। सोमवार को विभाग की ओर से चलाए गए अभियान में दो स्थानों से मानक विहीन मिलने पर एक क्विंटल छेना और 11 किलो बर्फी नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य राजेश द्विवेदी ने बताया कि विभाग की टीम की ओर से शहर सहित जसवंतनगर, भरथना, बकेवर, चकरनगर सहित अन्य कस्बों में अभियान चलाया गया। इसमें दूध, खोया, बेसन, मैदा, सूजी, पनीर, सोन पापड़ी, छेना, बर्फी आदि मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सैफई तहसील के उझयानी गांव में छापामार कर अस्वास्थ्यकर अवस्था में भंडारित छेना मिठाई का नमूना लेने के बाद लगभग 80 किलो छेना नष्ट करवा दिया।