इटावा जिले में रामलीला रोड स्थित वीरेंद्र गुप्ता के कांच, गत्ता और कबाड़ के बड़े गोदाम में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि चंद मिनटों में ही लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। लपटें उठती देख पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।
आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। एफएसएसओ सनद पटेल ने बताया कि गोदाम में कबाड़ का भारी मात्रा में सामान भरा था, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दो दमकल वाहन इटावा से और दो अन्य सैफई व जसवंतनगर से मौके पर रवाना किए गए। टीम ने लगातार दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।