कठौतिया में आगरा-लखनऊ एक्प्रेस-वे पर क्षतिग्रस्त कार और मौके पर मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार पिता की मौत हो गई और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दिल्ली के रोहिणी निवासी अजय गुप्ता (45) गुरुवार सुबह बेटे तनिष्क गुप्ता (20) के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे।
सुबह करीब 10 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कठौतिया गांव के पास उनकी कार येलो लाइन पर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में पिता और पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पुहंची ऊसराहार पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टर ने अजय गुप्ता को मृत घोषित कर दिया और तनिष्क का इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि कार अजय चला रहे थे। अनुमान है कि झपकी आने से कार ट्रक में घुसी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। वहीं, ट्रक और कार को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया गया है। हादसे के बाद चालक और परिचालक ट्रक छोड़कर भाग गए हैं। इनके बारे में पता किया जा रहा है।