जलपुरुष राजेंद्र सिंह का स्वागत करते गंगा सद्भावना यात्रा के राम धीरज सिंह व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
कानपुरः जलपुरुष राजेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने गंगा को स्वच्छ, निर्मल, अविरल बनाने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। गंगा नदी को स्वच्छ, अविरल, निर्मल एवं बांध मुक्त बनाने के लिए जल पुरुष राजेंद्र सिंह गोमुख से गंगासागर तक गंगा यात्रा पर निकले हैं। वह मकर संक्रांति को गंगासागर पहुंचेंगे।
सोमवार सुबह 9 बजे गंगा बैराज पर उनका स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि कानपुर में घुसते ही गंगा नदी की हालत देखकर मन विचलित हो गया। टेनरियों के गंदे पानी ने जीवन देने वाली नदी को गंदा कर दिया है। गंगा नदी की सफाई के नाम पर सरकार अभी तक अरबों रुपये खर्च कर चुकी है, लेकिन अभी तक कोई असर नहीं दिखा। स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। गंगा यात्रा के जरिए हम सरकार की आंखें खोलना चाहते हैं।