कानपुर। केस्को की ओर से सभी उपभोक्ताओं पर अचानक 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज लगाए जाने से उद्यमियों और व्यापारियों में रोष है। कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने इस संबंध में केस्को प्रबंध निदेशक को आपत्ति पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि उद्यमी पहले से ही बिजली की समस्याओं, अत्यधिक दरों और पिछली अवधि के बढ़े हुए शुल्कों से परेशान हैं। ऐसे में यह नया सरचार्ज कानपुर के उद्योगों को बंद करने जैसा होगा। व्यापारियों का कहना है कि इस वृद्धि की न तो कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही विद्युत नियामक आयोग से स्वीकृति प्राप्त की गई। यह बढ़ोतरी कानपुर के नागरिकों, उद्यमियों व व्यापारियों पर एक बड़ा आर्थिक बोझ है। उन्होंने तत्काल इस वृद्धि को वापस लेने की मांग की है अन्यथा उद्योग बंद करने की चेतावनी दी है। (संवाद)