कानपुर। नगर निगम जोन-4 के जोनल अधिकारी राजेश सिंह ने शुक्रवार को किराया बकाया और कर जमा न करने पर साइकिल मार्केट और बजरिया में दुकानें सील कीं। इस तरह पूरे अभियान में 35 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई।
जोनल अधिकारी ने बताया कि बजरिया में नगर निगम की छह दुकानों को बकाया किराया व कर जमा न करने पर सील किया। इस कार्रवाई के बाद पांच दुकानदारों ने तत्काल 2,64,916 रुपये किराया जमा किए तब उनकी दुकानों की सील खोली गई। इसी तरह साइकिल मार्केट में 108 दुकानों की सीलिंग की कार्रवाई करने पहुंचे। वहां 85 दुकानदारों ने 10,56,723 रुपये किराया जमा किया। वार्ड 107 तलाक महल और वार्ड चार ग्वालटोली क्षेत्र में सीलिंग की कार्रवाई करते हुए 26 दुकानों व आवासीय भवनों को सील किया गया। इनमें भी 18 ने 22,64,510 रुपये जमा कर दिया। इस पर इन दुकानों को खोल दिया गया। कार्रवाई के दौरान कर अधीक्षक अनूप श्रीवास्तव, श्रीमती सीमा सागर, राजस्व निरीक्षक विनीत पाठक, विनीत वर्मा एवं शेख नफीस सहित जोन-4 की ईटीएफ टीम मौजूद रही।