कानपुर में अब उत्तरप्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम उद्यमी घर बैठे पूरा करा सकेंगे। यूपीसीडा में अगले महीने से भूखंडों के आवंटन से लेकर विभाजन, हस्तांतरण, नाम परिवर्तन, नक्शों की स्वीकृति आदि की सुविधा ऑनलाइन मिलने लगेंगी। यूपीसीडा अधिकारियों ने इससे संबंधित जरूरी संसाधन जुटाने शुरू कर दिए हैं।
दो साल पहले तत्कालीन यूपीएसआईडीसी ने औद्योगिक भूखंडों के घर बैठे आवेदन की सुविधा के लिए ‘ई-एप्लीकेशन पोर्टल’ की शुरुआत की थी। इसके बाद से ही अन्य प्रक्रियाओं को ऑनलाइन करने की कवायद जारी थी। इसके लिए यूपीएसआईडीसी में ऑनलाइन बिजनेस ऑटोमेशन सिस्टम लागू किया गया। इसके बाद औद्योगिक भूखंडों के हस्तांतरण, संविधान परिवर्तन (चेंज ऑफ डायरेक्टर), पुनर्गठन, मानचित्र स्वीकृति के आवेदन ऑनलाइन होने लगे।
अब आवेदन के आगे की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान आवेदकों को अपनी लॉगइन आईडी बनानी होती है। इसी आईडी पर आवेदन के आगे की प्रक्रियाएं भी पूरी कराई जाएंगी। विभाग की ओर से ई-मेल के जरिए आवेदकों को सूचनाएं मिलती रहेंगी।