कानपुर-फर्रुखाबाद रूट के बिल्हौर रेलवे स्टेशन से गुजर रही मथुरा-छपरा एक्सप्रेस (22532) का इंजन गुरुवार सुबह बोगियों से अलग हो गया। इंजन के अलग होते ही यात्रियों में अफरा तफरा मच गई। ट्रेन के गार्ड ने वायरलेस से इंजन लोको पायलट और बिल्हौर स्टेशन मास्टर को सूचना दी।
इस पर इंजन को रोका गया। करीब 42 मिनट की मशक्कत के बाद दोबारा इंजन को गाड़ी में जोड़कर रवाना किया जा सका। इस दौरान कई मालगाड़ियों को अन्य स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इससे करीब 40 मिनट तक रूट बाधित रहा।
बिल्हौर रेलवे स्टेशन मास्टर मुकेश बाबू ने बताया कि मथुरा-छपरा एक्सप्रेस कन्नौज रेलवे स्टेशन से चलकर बिल्हौर स्टेशन से नॉनस्टाप तेज रफ्तार में गुजर गई। ट्रेन बिल्हौर सीएचसी के पास पहुंची ही थी कि सुबह 5:20 बजे अचानक ट्रेन का इंजन बोगियों से अलग हो गया।
इससे बीबीपुर रेलवे क्रासिंग के पास झटका खाकर ट्रेन रुक गई और यात्रियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में चालक और सह चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर इंजन को रोका। गार्ड ने वायरलेस पर स्टेशन और कंट्रोल रूम को सूचना दी। रेलवे स्टेशन के गैंगमैन और अन्य कर्मियों को मौके पर भेजकर कंपलिंग को जोड़कर ट्रेन को रवाना किया गया।