पुखरायां के स्थानीय स्टेशन रोड पर अवैध निर्माण हटाने के अभियान में मंगलवार की शाम विरोध शुरू हो गया। मकान मालिकों ने 12 फीट 10 इंच की जगह सिर्फ 12 फीट जगह ही खाली कराने की मांग की।
मालूम हो कि जिलाधिकारी मासूम अली सरवर ने स्थानीय प्रशासन को स्टेशन रोड के दोनों साइड अवैध कब्जे हटवाने का निर्देश दिया था। उपजिलाधिकारी की अपील पर मकान मालिकों ने स्वयं 10 फीट के दायरे में निर्माण ढहा लिये थे।
समाधान दिवस पर भोगनीपुर कोतवाली आए जिलाधिकारी ने एसडीएम को 48 घंटे में चिह्नित परिधि के पूरे कब्जे हटाने का निर्देश दिया। चिह्नांकन के अनुसार रोड के दोनों साइड 12 फीट 10 जगह खाली कराई जानी थी।
जिसके लिए दोबारा पैमाइश कराकर सोमवार को जेसीबी से निर्माण ढहाने का काम शुरू किया गया। मकान मालिकों का कहना है कि 12 फीट जगह खाली करा ली जाए। 10 इंच जगह न छोड़ी गई तो उनकी बाकी जगह बेमकसद हो जाएगी।
मंगलवार को शाम होने पर निर्माण ढहाने का काम बंद हुआ। तहसीलदार राकेश कुमार ने कहा है कि चिह्नांकन के अनुसार पूरी जगह खाली कराई जाएगी।
बुधवार को भी जेसीबी से अवैध निर्माण ढहाने का काम जारी रहेगा। नायब तहसीलदार लालचंद्र भी मौजूद रहे।