कानपुर देहात। जनपद में रूरा में नहर कोठी परिसर, बन्ना जाखा और अकबरपुर में सिंचाई विभाग खाली जमीन पर बाउंड्रीवॉल कराएगा। इसके पहले जमीन से कब्जे हटाए जाएंगे। इसके लिए सिंचाई विभाग ने चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। यह टीम राजस्व विभाग से समन्वय बनाकर अतिक्रमण हटवाएगी।
कानपुर प्रखंड निचली गंगा नहर में रूरा के गुटैहा में रूरा शिवली मार्ग पर गाटा संख्या 158 व 159 में सिंचाई विभाग की जमीन है। इसी परिसर में नहर कोठी बनी है। इसका प्रयोग रेस्ट हाउस के तौर पर होता रहा है लेकिन करीब 20 साल से देखरेख के अभाव में मेहमान या वीआईपी के रुकने लायक स्थिति में नहर कोठी नहीं है। अब 1.40 करोड़ रुपये से नहर कोठी का पुनरुद्धार करने की तैयारी है।
इधर नहर कोठी परिसर से लगी खाली जमीन को सुरक्षित करने के लिए रेडीमेड बाउंड्रीवाॅल कराने की रूपरेखा बनी है। वहीं, बन्ना जाखा व अकबरपुर में सिंचाई विभाग की काली जमीन को भी कब्जा मुक्त कराकर बाउंड्रीवाॅल बनाई जानी है। दरअसल सिंचाई विभााग की काली जमीन से लगी निजी जमीनें हैं। इससे सिंचाई विभाग की आंशिक जमीन पर कब्जा की आशंका है। सिंचाई विभाग ने जमीन कब्जा मुक्त कराने के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। जल्द ही सीमांकन कराकर सिंचाई विभाग खाली जमीन पर रेडीमेड बाउंड्रीवाल बनाएगा। इस पर करीब 1.25 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है।
.........................
सिंचाई विभाग की टीम में ये लोग शामिल
एक्सईएन कानपुर प्रखंड निचली गंगा नहर कानपुर ने अतिक्रमण हटाने के लिए जेई महेंद्र प्रताप, जिलेदार अरविंद राजपूत, सींच पर्यवेक्षक दिनेश कुमार व सींचपाल ज्ञानेंद्र सिंह की टीम बनाई गई है।
.................
बयान
सिंचाई विभाग की रूरा, बन्नाजाखा व अकबपुर में खाली जमीन कब्जा मुक्त कराकर सुरक्षित की जानी है। शासन से इसके लिए बजट मिला है। सिंचाई विभाग की टीम बनाई गई है। अकबरपुर तहसील की राजस्व टीम से समन्वयक कर कब्जा हटाने के साथ बाउंड्रीवाल बनवाई जाएगी। - एमके सिंह, एक्सईएन कानपुर प्रखंड निचली गंगा नहर कानपुर
.....................
नबीपुर-रठगांव मार्ग की नहर पटरी पर है अस्थायी कब्जा
अकबरपुर में नबीपुर-रठगांव मार्ग कानपुर-झांसी हाईवे से जुड़ा है। नबीपुर से किनारे करीब दो किलोमीटर दूर इसी मार्ग पर जवाहर नवोदय विद्यालय व माती केंद्रीय विद्यालय है। कान्हा गोशाला भी इसी मार्ग किनारे है। इस मार्ग के एक तरफ नहर है। नहर पटरी की खाली जमीन पर नबीपुर में दुकानदारों ने ठेलिया, पेटी या फिर अस्थायी निर्माण कर कब्जा कर लिया है। सिंचाई विभाग नहर पटरी की यह जमीन भी खाली कराने की तैयारी में है।