कानपुर। हाई-वे किनारे से अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था पर सख्त कार्रवाई करने के लिए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में प्लान तैयार किया है।
डीएम ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे हुए अवैध अतिक्रमण को चिह्नित कर हटाएं। इसके लिए जनपद स्तर पर हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स का गठन किया जाए। इस टास्क फोर्स की कार्रवाई की हर महीने दो बार समीक्षा की जाएगी। साथ ही भूमि उपयोग नियंत्रण पर भी पैनी नजर रखी जाएगी। हाईवे पर अनियोजित पार्किंग और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए ट्रक ले-बाय और वे-साइड को बेहतर बनाया जाएगा।
बैठक में सामने आया कि सेव लाइफ फाउंडेशन की ओर से जनपद में 264 दुर्घटना संभावित स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और सिंचाई विभाग के क्षेत्र शामिल हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के 167 स्थानों पर सुधार कार्य पूरा हो चुका है। इसमें पीडब्ल्यूडी के 83 में से 26 स्थलों पर काम पूरा, शेष 57 के लिए 91.36 लाख का प्रस्ताव भेजा गया। राष्ट्रीय मार्ग खंड के 5 में से 4 स्थलों पर कार्य पूर्ण, एक पर जल्द काम शुरू होगा। नगर निगम के 10 स्थलों पर मंजूरी मिल चुकी, जल्द काम शुरू होगा। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी स्थलों पर काम युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं में ठोस कमी लाई जा सके।
‘राहवीर योजना’ से गोल्डन ऑवर में मिलेगी राहत
बैठक में ‘राहवीर (गुड सेमेरिटन) योजना’ को भी प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। इसके तहत सड़क हादसे के बाद पहले एक घंटे गोल्डन ऑवर में घायल को चिन्हित अस्पताल में निशुल्क इलाज मिलेगा जिसका पूरा खर्च सरकार उठाएगी। जनपद में 137 अस्पतालों का सत्यापन किया जा रहा है।