कानपुर। बाबूपुरवा मुर्गा मार्केट क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण का कार्य अतिक्रमणों के कारण तीन महीने बाद भी शुरू नहीं हो सका है। जाम की समस्या को समाप्त करने के उद्देश्य से 36 लाख रुपये की लागत से इस परियोजना को स्वीकृत किया गया था। लेकिन 22 अवैध कब्जों के कारण काम रुका हुआ है।
मुर्गा मार्केट के सामने सड़क पर लोगों ने लगभग 15 फीट तक स्थायी कब्जा कर रखा है। तीन महीने पहले मुख्य अभियंता ने मकानों और दुकानों सहित 22 अवैध कब्जों को लाल रंग से चिह्नित किया था, लेकिन अभी तक इन्हें हटाया नहीं गया है। इस वजह से सड़क चौड़ीकरण का काम प्रभावित हो रहा है। जोन तीन के सहायक अभियंता योगराज सिंह यादव ने बताया कि अगले सप्ताह चिह्नित अवैध कब्जों को हटाकर काम शुरू किया जाएगा।
क्षेत्र के मोहम्मद अनवर, सलीम, राजू और फिरोज ने बताया कि नगर निगम की ओर से बनाए जा रहे नालों में सरिया का कमजोर जाल इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे नाले की दीवारों पर दबाव पड़ने पर वे गिर सकते हैं। सहायक अभियंता योगराज सिंह यादव ने इस मामले की जांच के लिए सोमवार को मौके पर जाने की बात कही है।