-पकड़े गए तीनों शातिर इटावा के रहने वाले, एक साथी भाग निकला
-सवारी बन कार लूटने की वारदातों को देते थे अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना (फिरोजाबाद)। सवारी बनकर कार लूटने वाले चार बदमाशों से शुक्रवार सुबह पुलिस की मुठभेड़ हो गई। तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उनके कब्जे से तीन तमंचे एवं लूटी हुई कार बरामद की। तीनों बदमाश इटावा के रहने वाले हैं.
पुलिस के अनुसार शुक्रवार अलसुबह कस्बा के मुख्य चौराहे पर चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान एक कार के संदिग्ध लगने पर उसे रोकने का इशारा किया तो चालक ने कार को दौड़ा दिया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार चालक पटीकरा पुल से बड़ा गांव की ओर जाने लगे। तभी अनियंत्रित हुई कार विद्युत पोल से टकरा गई। पोल से टकराने के बाद कार से उतरकर भागने का प्रयास कर चार लोगों को पुलिस ने रुकने को कहा तो उन्होंने फायरिंग कर दी। फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे।
जवाबी फायरिंग में तीन युवकों को पैर में गोली लगी। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि शिवम कश्यप निवासी श्यामनगर नई मंडी थाना फ्रेंडस कॉलोनी जनपद इटावा, अनुज निवासी एआरटीओ ऑफिस कांशीराम कॉलोनी इटावा, अमन निवासी बिरन पंसारी टोला मकान नंबर 34 थाना कोतवाली जनपद इटावा को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। जबकि डॉली भागने में सफल रहा।
तीनों के पास लूटी हुई कार एवं तीन तमंचे मिले हैं। शिवम पर इटावा के अलग-अलग थानों में 11 मुकदमे दर्ज हैं। थाना मक्खनपुर के गांव नवादा नई बस्ती निवासी दिनेश कुमार ने 21 सितंबर को पुलिस को जानकारी दी थी कि थाना जसराना क्षेत्र के सलेमपुर के पास चार बदमाशों ने कार एवं नकदी लूट ली है। चारों सवारी बनकर उनकी कार में बैठे थे।
कोट
21 सितंबर को चार बदमाशों ने थाना जसराना क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाश कार और नकदी ले गए थे। शुक्रवार की सुबह चेकिंग के दौरान कार को रोकने का प्रयास किया तो कार सवार भाग निकले। बाद में पटीकरा पुल के पास कार के पोल से टकराने पर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस पर फायर किया। बचाव में पुलिस ने फायरिंग की तो तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है। - अखिलेश भदौरिया, एसपी देहात