इटावा लोकसभा क्षेत्र के गांव नगला गुदे में पहुंची भाजपा विधायक सावित्री कठेरिया को बूथ के पहले भीड़ ने घेर लिया और घरों से डंडे निकाल लाए। सुरक्षा गार्ड के पोजीशन लेने पर हमलावर खेतों की ओर भागे। भीड़ में शामिल एक युवक द्वारा तमंचे से हवाई फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया है।
विधायक की सूचना पर भाजपाइयों के अलावा सीओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद विधायक वहां से निकल गईं। एसएसपी ने कहा कि विधायक के साथ वहां कुछ भी नहीं हुआ है। फिर भी अगर वह शिकायत देती हैं तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश कठेरिया के गांव बिजौली के मतदान केंद्र पर सोमवार को फर्जी मतदान का आरोप लगाकर सपा और भाजपा समर्थकों में विवाद हो गया। हंगामा होने पर पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को खदेड़ा। सूचना पर एएसपी, एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।