कानपुर। तबादला, बर्खास्तगी व सेवानिवृत्ति के बावजूद सरकारी आवासों पर कब्जा जमाने वाले अधिकारी-कर्मचारी अभी तक काबिज हैं। जिलाधिकारी के लगातार नोटिस जारी करने के बाद भी सरकारी आवासों को खाली नहीं किया गया है। कई आवासों के बिजली कनेक्शन भी काट दिए गए हैं। अब इन्हें अंतिम नोटिस जारी कर कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।
एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों समेत 17 लोग तबादला, सेवानिवृत्त व बर्खास्त होने के बावजूद सरकारी आवास नहीं छोड़ रहे हैं। इनके विरुद्ध वर्तमान तैनाती वाले संबंधित जिले के विभागाध्यक्ष अफसरों को दंड समेत किराया वसूली का नोटिस फरवरी में दिया गया था। उसी दिन जिलाधिकारी ने नियम विरुद्ध काबिज आरक्षी रणधीर सिंह, जीएसवीएम मेडिकल काॅलेज के शिरोमन सिंह, नायब तहसीलदार इटावा अलख शुक्ला, सीएसए की डाॅ. नीलिमा कुंवर, बर्खास्त लिपिक कार्तिकेय यादव, बर्खास्त अमीन हैदर नकवी, बर्खास्त लिपिक कलक्ट्रेट विनीत तिवारी व अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-2 राजकुमार के आवास के बिजली कनेक्शन काटने के लिए केस्को एमडी को पत्र भेजा था पर कनेक्शन नहीं काटे गए।
इसके बाद डीएम ने दोबारा पत्र भेजा था, तब एक दर्जन से अधिक आवासों के कनेक्शन काट दिए गए। वहीं, कई लोगों ने आवास पर ताला लगा रखा है। शेष अन्य लोगों के भी जल्द कनेक्शन काटने की तैयारी की जा रही है। एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि लगातार नोटिस देने के बाद भी आवास खाली नहीं किए गए हैं। अब अंतिम नोटिस जारी कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।