विभिन्न कारखानों, संस्थाओं, फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारी भी यूएन नंबर एक्टीवेट कर सकेंगे। अभी तक यह सुविधा केवल नियोक्ता को ही थी।
इस संबंध में शुक्रवार को पीएफ मुख्यालय से आदेश जारी कर दिया गया है।
कुछ महीने पहले पीएफ कार्यालय की ओर से कानपुर समेत देशभर के पीएफ खाताधारकों को यूएन नंबर देने की व्यवस्था शुरू की गई है।
इसमें नियोक्ता को एक लिंक देकर अन्य कर्मचारियों को यूएन नंबर जोड़ने की सुविधा दी गई है। विभाग के वरिष्ठ अफसर ने बताया कि विभाग में सूचना मिल रही थी कि तमाम नियोक्ता अभी भी अपने कर्मचारियों के पीएफ खातों को लिंकअप नहीं कर रहे हैं।
इस कारण कानपुर रीजन सहित पूरे देशभर में बड़े पैमाने पर पीएफ नंबर को यूएन नंबर में नहीं बदला जा सका है। इसको देखते हुए अब नई सुविधा शुरू की गई है।
इसमें अब कर्मचारी भी विभाग की वेबसाइट www.epfo.org.in पर पीएफ नंबर डालने के बाद यूएन नंबर से लिंक कर सकेगा। इसमें खाताधारक को अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर देना पड़ेगा।
इसके बाद आटोमेटिक खाताधारक के मोबाइल पर चार नंबर का कोड आएगा। इस कोड नंबर से खाता धारक अपने यूएन नंबर का संचालन कर सकेगा।
वरिष्ठ अफसर एके शुक्ला ने बताया कि इस संबंध में शुक्रवार को सर्कुलर जारी कर दिया गया है।