कानपुर। नेशनल शुगर इंस्टीट्यूट (एनएसआई) में साइंटिफिक सोसाइटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वैज्ञानिक कौशल बढ़ाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं से व्यक्तित्व विकास, प्रायोगिक ज्ञान में अभिवृद्धि तथा औद्योगिक कौशल को बढ़ाने के लिए कहा। कार्यक्रम का शुभारंभ इंस्टीट्यूट की निदेशक डॉ. सीमा परोहा ने किया।
डॉ. परोहा ने बताया कि यह कार्यक्रम संस्थान में अध्ययनरत शर्करा प्रौद्योगिकी, शर्करा अभियांत्रिकी, अल्कोहल प्रौद्योगिकी व शर्करा अभियांत्रिकी प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया है। त्रिवेणी इंजीनियरिंग एवं इंडस्ट्रीज के महाप्रबंधक डीएस रेड्डी ने बढ़ी हुई मिलिंग दक्षता के लिए गन्ना तैयारी और दौराला शुगर वर्क्स के सहायक महाप्रबंधक (एचआर) आशीष शुक्ला ने प्रमुख मानव संसाधन कार्यों और जिम्मेदारियों का अवलोकन विषय पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम के संयोजक संजय चौहान और सह संयोजक महेंद्र कुमार यादव रहे। (ब्यूरो)