नवाबगंज। कस्बा में चौराहे से कुछ दूरी पर नेहरू काॅलेज के पास बृहस्पतिवार रात करीब तीन बजे एचटी लाइन में फाल्ट हो गया। इससे तार टूटकर गिर पड़ा। इससे कस्बा के 4,400 घरों की बिजली गुल हो गई। बिजली कर्मियों ने शुक्रवार सुबह 11 बजे लाइन ठीक की तब लोगों को बिजली नसीब हो सकी। इसके चलते कस्बे के लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा।
नगर पंचायत की नई एचटी लाइन में आए फाल्ट से इंसुलेटर फट गया और क्रॉस आर्म तिरछा हो गया। इससे लाइन टूट गई। इससे कस्बा की बिजली चली गई। शुक्रवार सुबह तक बिजली न आने से लोगों ने उपकेंद्र फोन किया तो पता चला कि लाइन का तार टूटने से बिजली ठप है। बिजली कर्मियों को लाइन की मरम्मत में लगाया गया। लगभग 11 बजे लाइन ठीक होने पर लोगों को लगभग आठ घंटे बाद बिजली मिल सकी। अवर अभियंता अब्दुल मजीद ने बताया कि रात में पेट्रोलिंग की गई थी पर कोहरे की वजह से कर्मचारी फाल्ट नहीं खोज पाए। लाइन ठीक कर बिजली सुचारु कर दी गई है।