बिजली विभाग की लापरवाही के चलते औद्योगिक क्षेत्र रनियां में
बांस-बल्लियों के सहारे बिजली की आपूर्ति हो रही है। आए दिन फाल्ट होते
रहते हैं। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग से खंभे लगवाए जाने की
मांग की पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
रनियां क्षेत्र में बिजली
विभाग की अनदेखी से जुगाड़ व्यवस्था से उपभोक्ताओं के घरों में बिजली
आपूर्ति हो रही है। पोल न लगे होने से उपभोक्ता बांस-बल्लियों के सहारे
केबिल घरों तक पहुंच रही है। आए दिन क्षेत्र में फाल्ट होते रहते हैं।
बिजली विभाग की लापरवाही का आलम यह है कि कस्बे के किशरवल रोड स्थित बस्ती
में बल्लियों के सहारे लगभग आधा किलोमीटर की दूरी तक बांस-बल्लियों में
केबिल लगाकर घरों में बिजली आपूर्ति हो रही है।
वहीं खंभे न लगे
होने से कुछ उपभोक्ताओं ने तो छत में लगे कड़े के सहारे अपनी केबिल बांध
रखी हैं। इससे केबिल मकानों को छू रही हैं। किशरवल रोड व शेरपुर गांव
निवासी बसंतलाल, मुकेश, सुनील, देवेंद्र, मुंशीराम आदि ने बताया कि विभागीय
अधिकारियों से कई बार खंभे लगवाने की मांग की गई है। लेकिन, बिजली विभाग
की अनदेखी से बल्लियों के सहारे ही आपूर्ति हो रही है। इस संबंध में जेई
उपेंद्र कुमार ने बताया कि कई जगहों पर किसी कारण से खंभे नहीं लग सके हैं।
राजीव गांधी योजना के तहत खंभे लगाए जाने हैं।