झींझक (कानपुर देहात)। बुधवार रात मंगलपुर फीडर के डिलवल गांव में एचटी लाइन पर पेड़ टूटकर गिरने से 15 गांवों की बिजली गुल हो गई। उमस भरी गर्मी में लोगों की रात जागते कटी। सात घंटे बाद गुरुवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
भोलानगर के लगरथा रोड विद्युत सब स्टेशन से जुड़े मंगलपुर फीडर के डिलवल में रात 12 बजे पेड़ टूटकर विद्युत लाइन पर गिर गया। फीडर ब्रेक डाउन होने से मंगलपुर, सुरासी, खानपुर, उडनवापुर समेत 15 गांवों में अंधेरा हो गया। कई घंटे बिजली गुल रहने से इंवर्टर दगा दे गए। उमस भरी गर्मी में लोगों को जागकर रात काटनी पड़ी।
गुरुवार सुबह कर्मी पहुंचे और तारों से पेड़ हटाकर लाइन दुरुस्त की। इसके बाद सात बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। उडनवापुर के मनोज, मंगलपुर के संतोष प्रताप सिंह, खानपुर के पवन, सुरासी के विनोद ने बताया कि पूरी रात बिजली गुल रही। जेई झींझक सचिन यादव ने बताया कि पेड़ टूटकर लाइन पर गिरने से बिजली गुल रही। गुरुवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।