उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के फतेहपुर चौरासी थाना इलाके में चुनावी रंजिश में निर्वाचित प्रधान के पति ने साथियों के साथ असलहों से लैस होकर अपने प्रतिद्वंद्वी प्रधान प्रत्याशी के घर हमला बोल दिया। गाली-गलौज के बाद प्रधान पक्ष की ओर कई राउंड फायरिंग की गई।
घटना में प्रतिद्वंद्वी प्रधान प्रत्याशी के 12 वर्ष के भतीजे के सीने में गोली लग गई। जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि मारपीट में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। देर रात हुई घटना की सूचना पर सीओ समेत दो थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थितियों का जायजा लिया।
मृतक के चाचा की तहरीर पर नवनिर्वाचित प्रधान समेत 7 लोगों पर बलवा, हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत समसपुर अटिया कबूलपुर के मजरा अंटवा गांव निवासी निर्वाचित प्रधान अनुराधा के पति रणधीर सिंह शुक्रवार देर रात अपने भाई अनूप, मनोज, बेटे सूरज, नीरज, पत्नी अनुराधा सिंह व गांव के साथी अभिषेक सिंह के साथ असलहों एवं डंडो से लैस होकर प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी मीनू के पति मनोज के घर पहुंचे।