कानपुर। सचेंडी क्षेत्र के भौंती स्थित बीपीसीएल के पास सड़क पर मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने वृद्धा को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चालक और परिचालक बस छोड़ भाग निकले। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बस में तोड़फोड़ कर सड़क जाम कर दी तो भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। भीड़ को कार्रवाई का भरोसा देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
भौंती के संजय नगर निवासी सुदामा थारू(62) मंगलवार देर शाम अपने बहनोई चंदन के साथ मोपेड से बाजार गई थीं। परिजन के मुताबिक बाजार पहुंचने के बाद भौंती पंचायत भवन के पास सुदामा पैदल सड़क पार कर ही रही थीं, तभी तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने उन्हें रौंद दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची सचेंडी पनकी, अर्मापुर की पुलिस मौके पर पहुंची। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया है। बस को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। सुदामा के पति थारू का देहांत हो चुका है। उनके तीन बेटे गेंदेलाल, मिठाई लाल और नीरज हैं। (संवाद)