कानपुर। कल्याणपुर ब्लॉक के कुरसौली गांव निवासी रमजानी (62) की बुखार के चलते हैलट में मौत हो गई। बेटे आमिर के अनुसार करीब 15 दिन पहले पिता को बुखार आया था।
स्थानीय डॉक्टरों से इलाज के बाद वह ठीक हो गए, लेकिन करीब एक सप्ताह पहले दोबारा तेज बुखार आने लगा। उन्हें तीन अक्तूबर की रात हैलट में भर्ती कराया गया था। आमिर ने बताया कि मंगलवार रात ठंड लगने के बाद तेज बुखार आया और आधी रात के बाद उनकी मौत हो गई। गांव में आठ से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। वर्ष 2022 में कुरसौली में बुखार से 16 लोगों की मौत हुई थी।
इसके बाद प्रशासन ने निगरानी बढ़ाई थी। बीते वर्ष भी बुखार का प्रकोप रहा था। ग्रामीणों के अनुसार नहर किनारे कूड़े के ढेर लगे हैं और घरों के आसपास नालियां साफ न होने से बरसाती पानी भरा है। आरोप है कि 15 दिनों से गांव में फागिंग और दवा का छिड़काव नहीं हुआ है। (संवाद)