चकरनगर। बिठौली थाना क्षेत्र के कालेश्वर मंदिर के पास शनिवार शाम खेतों की रखवाली करने जा रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग किसान को जालौन की तरफ से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन आनन फानन में किसान को इलाज के लिए ग्वालियर ले गये। वहां जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
किसान बृज बिहारी निवासी गोपियाखार शनिवार शाम खेतों में जा रहे थे। तेज रफ्तार बाइक ने कालेश्वर मंदिर के पास उन्हें टक्कर मार दी। किसान सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। बिठौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल किसान को सीएचसी राजपुर भेजा। जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही किसान ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने दुर्घटना के बाद फरार बाइक सवार युवक की तलाश शुरू कर दी है। (संवाद)