चकजमालपुर गांव में बड़े भाई ने छोटे भाई के सीने में हंसिया से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पहले एक दूसरे पर डंडे से वार करने से हत्यारोपी भी घायल हुआ है, उसे बिछिया स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। कोतवाली क्षेत्र के चक जमालपुर गांव निवासी दिलीप (23) पुत्र स्व. सुंदर लोधी, बड़े भाई श्रीकिशन के साथ मुंबई में परिवार सहित रहता था।
जून महीने में दिलीप के छोटे भाई कुलदीप की शादी थी। उसी में सभी शामिल होने आए थे। तबसे गांव में ही रहकर खेती कर रहे थे। रविवार रात करीब 10 बजे श्रीकिशन नशे की हालत में घर पहुंचा और दिलीप की पत्नी माधुरी को गाली देने लगा। पत्नी को गाली देने का दिलीप ने विरोध किया तो श्रीकिशन आगबबूला हो गया। इसी बीच दोनों में कहासुनी और बढ़ गई तो श्रीकिशन ने छोटे भाई की शादी में लिए गए कर्ज को अदा करने की भी बात छेड़ दी। इससे विवाद और बढ़ा। दोनों भाइयों में पहले हाथापाई हुई। बाद में एक दूसरे पर डंडे से वार किया। डंडा श्रीकिशन के सिर पर लगने से उसका सिर फट गया।