कानपुर देहात। जनपद की आठ ग्रामीण सड़कों के नव निर्माण की तैयारी है। प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल किए गए हैं। मंजूरी मिलने पर करीब 13.75 किमी लंबाई में सड़क बनने से लोगों को आवाजाही में सहूलियत होगी।
जनपद में इन ग्रामीण क्षेत्र की आठ सड़कों का नवनिर्माण धर्मार्थ योजना से कराने की तैयारी है। भोगनीपुर विधानसभा की छह सड़कें और सिकंदरा व रसूलाबाद विधानसभा की एक -एक ग्रामीण सड़क का प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल किया गया है। करीब 13.75 किमी लंबाई की इन सड़कों के नव निर्माण में 12.10 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है।
इसमें पिपरी से अमरौधा ट्योगा मार्ग से कालेश्वर मंदिर होकर गौघाट तक, बरगवां से राधाकृष्ण मंदिर तक, बिलासपुर में सिद्धनाथ आश्रम घटापारा यमुना तट तक, बखतपुर से दुर्गामंदिर तक, ट्योगा मार्ग से लंगड़ेपुरवा संपर्क मार्ग, बिरमा में नरसिंह मंदिर तक सड़क, जगम्मनपुर डेरा से मलूकबाबा आश्रम तक सड़क व शेखपुर में गिरधरपुर से जयश्री बूड़ेबाबा आश्रम तक सड़क का प्रस्ताव शामिल है। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन सुनील कुमार ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मिले प्रस्तावों को कार्ययोजना में शामिल किया गया है। मंजूरी मिलने पर इन सड़कों का नव निर्माण कराया जाएगा।