फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज के सीएचसी में 24 घंटे में आठ लोगों के जान देने के प्रयास के मामले पहुंचे। इसमें एक की इलाज के दौरान मौत भी हो गई। यहां रोजाना 3 से 4 मामले इस तरह के आते हैं। एक सप्ताह में दो दर्जन से अधिक लोगों को सीएचसी में लाया जा चुका है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पचरौली निवासी सेवाराम की 40 वर्षीय पत्नी किताबश्री, गांव अलादादपुर निवासी विश्राम सिंह के 28 वर्षीय पुत्र मुनीश, गांव महादेवपुर निवासी रामकिशन की 14 वर्षीय पुत्री मौर्यश्री, गांव मुड़ौल निवासी रामनिवास के 25 वर्षीय पुत्र रोहित, गांव रजपालपुर निवासी अरविंद की 45 वर्षीय पत्नी ममता, गांव गंधिया निवासी वेदराम के 20 वर्षीय पुत्र नीरज, जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव मिलकिया निवासी कश्मीर सिंह के 23 वर्षीय पुत्र छत्रपाल ने जहर पीकर जान देने का प्रयास किया।
इसमें से रोहित को रेफर कर दिया गया। जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव बझेरा निवासी श्रीराम के 45 वर्षीय पुत्र सर्वेश को जहर खाने पर गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन रोते बिलखते हुए शव लेकर घर चले गए।
सीएचसी के डॉ. अमरेश कुमार ने बताया आज के दौर में भागमभाग की जिंदगी भी इसके लिए बहुत हद तक जिम्मेदार है। लोगों की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं। अपेक्षाएं पूरी न होने से तनाव बढ़ रहा है। उमस भरी गर्मी से बेहाल लोगों को किसी की छोटी सी बात भी बर्दाश्त नहीं हो रही है। ऐसे में लोगों को परिवार के साथ हंसी खुशी का माहौल रखना जरूरी है।