दिल्ली से गोंडा शव ले जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस यूपी के कन्नौज में डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में पिता का शव लेकर जा रहे तीन भाइयों व चालक समेत आठ लोग घायल हो गए। एनसीसी पेट्रोलिंग टीम ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस के चालक को झपकी आ जाने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
गोंडा थाना नवाबगंज वलारपुर इब्राहिमपुर निवासी राधेश्याम (55) अपने तीन पुत्र भागीरथी (25), सोनूराम (23), रामूराम( 20) के साथ दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में काम करते थे। बड़े पुत्र ने बताया कि मंगलवार शाम कंपनी से लौटने के बाद पिता राधेश्याम की अचानक हालत बिगड़ गई। निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने मृतक को घोषित कर दिया। तीनों पुत्र अपने गांव के अब्दुल जुबेर (28) पुत्र अब्दुल बाबर, रामदीन (35) पुत्र रामबदन दो अन्य लोगों के साथ प्राइवेट एंबुलेंस चालक मैनपुरी थाना किशनी मचवारा निवासी धीरेंद्र सिंह यादव (30) पुत्र नरेंद्र सिंह व हेल्पर अलीगढ़ उकरना बहरनापुर निवासी बबलू (23) राजपालसिंह के साथ बुधवार सुबह चार बजे दिल्ली से शव लेकर गोंडा जा रहे थे।
मुंडाला के समीप चालक को झपकी आने से एंबुलेंस बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। एनसीसी पेट्रोलिंग के राजेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, शैलेंद्र, अजय सिंह ने एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सीएचसी में भर्ती कराया। अब्दुल जुबेर की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। घायलों और शव को पुलिस ने दूसरी एंबुलेंस से गोंडा भिजवाया।