रेलवे स्टेशन पर लगवाए गए फ्लैक्स बोर्ड
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के हरदोई जिले में स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत मिशन के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए अब रेलवे फिल्मी किरदारों का सहारा ले रही है। हरदोई खंड के सभी रेलवे स्टेशनों पर भी फिल्म बाहुबली के मुख्य किरदार और उसके सेनापति कटप्पा के नाम के फ्लैक्स बोर्ड लगाए गए हैं। इनमें गंदगी फैलाने वालों को जागरूक करने के लिए संदेश दिया गया है।
अभी तक सामूहिक रूप से झाड़ू लगाने और कूड़ा इधर-उधर न फेंकने की हिदायत देने वाले बोर्ड लगाकर लोगों को जागरूक करने में जुटा रेलवे महकमा अब नए अंदाज में लोगों को स्वच्छता मिशन के प्रति संदेश दे रहा है। मुदाराबाद मंडल के सीनियर डीसीएम विवेक शर्मा के निर्देश पर फिल्मी किरदारों का सहारा लेकर इस काम को अमली जामा पहनाया जा रहा है।
मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (सीएमआई) हरदोई मोहम्मद इमरान ने बताया कि पहले चरण में टोडरपुर से लेकर काकोरी तक हरदोई खंड (सेक्शन) में आने वाले 24 स्टेशनों और 15 हाल्ट पर ऐसे फ्लैक्स बोर्ड लगवाए गए हैं। सीतापुर से कानपुर जाने वाली ब्रांच लाइन के स्टेशनों पर भी ऐसे बोर्ड लगवाए जाएंगे।