घाटमपुर। गुरुवार की सुबह भदरस रोड पर इस्लामिया स्कूल के पास बिजली के खंभे से टकराकर डंपर पलट गया। जिससे नगर की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जो 10 घंटे बाद शाम को बहाल हो सकी। इस दौरान लोग पानी और उजाले के लिए बिजली आने का इंतजार करते रहे।
गुरुवार की सुबह हो रही बारिश के बीच भदरस रोड़ पर इस्लामिया स्कूल के पास अनियंत्रित हुआ डंपर बिजली के खंभे से जा टकराया। जिससे विद्युत लाइन टूटने के साथ करीब तीन हजार उपभोक्ताओं के घरों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। उपखण्ड अधिकारी विद्युत मुकेश कटियार ने अवर अभियंता घनश्याम दुबे को मौके पर लाइनमैन की टीम के साथ भेजा। पूरे दिन ठीक करने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। अभी आपूर्ति शुरू ही हुई थी कि तभी मूसा नगर रोड पर वन विभाग द्वारा सड़क किनारे काटे जा रहे पेड़ों की डाल विद्युत लाइन में गिरने से एक घंटे तक लोगों को फिर से बिजली आने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान नगर वासी पेयजल और रोशनी की व्यवस्था न होने से परेशान रहे।
-
पल्स पोलियो अभियान 10 से
पतारा (घाटमपुर)। पल्स पोलियो अभियान 10 से 15 दिसंबर तक चलाया जाएगा। गुरुवार को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सभागार में कर्मचारियों को पोलियो की खुराक पिलाने का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षक डॉ.नीरज सिंह ने बूथ पर सही एवं पर्याप्त वैक्सीन रखकर पोलियो की खुराक पिलाने की जानकारी दी। इस मौके पर चिकित्साधीक्षक डॉ.अभिषेक कटियार, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्यामसुंदर,वैक्सीन भंडार प्रभारी, मलखान, सोनल वर्मा मौजूद रहे। (संवाद)
-