गौवंश का ऑपरेशन करते पशु चिकित्सक
- फोटो : अमर उजाला
बांदा जिले के करतल क्षेत्र में झोलाछापों के गलत इलाज की वजह से गाय का पैर काटना पड़ गया। उसके पैर में इंफेक्शन हो गया और धीरे-धीरे वह बढ़ता चला गया। बाद में पशु चिकित्सकों का सहयोग लिया और फिर ऑपरेशन कर उसका पैर काटना पड़ा। अब गाय इंफेक्शन के खतरे से बाहर है।
राजकीय पशु चिकित्सालय क्षेत्र नरैनी के अंतर्गत ग्राम कंपोटर पुरवा निवासी ओमप्रकाश शिवहरे की गाय 13 दिन पहले दुर्घटना में घायल हो गई थी। उसके पैर में चोट आई थी। गाय के पैर में फ्रैक्चर होने पर मालिक इलाज के लिए झोलाछाप के यहां पहुंच गया। वहां गलत इलाज से पैर में इंफेक्शन हो गया।
पैर लगातार खराब होता चला गया और जब स्थिति ज्यादा बिगड़ी तो गो रक्षा समिति के अध्यक्ष सोनू करवरिया के द्वारा राजकीय पशु चिकित्सालय को इसकी सूचना दी गई। वहां से डॉ. लघु चंद्र, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. पुष्पेंद्र ने ऑपरेशन किया। डॉ. अभिषेक ने बताया कि नरैनी से एमपी बॉर्डर तक झोलाछाप सक्रिय हैं।