संदलपुर। ब्लॉक के जिगना धरिया पुरवा में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से गांव की तीन हजार आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी नाली न बनी होने से सड़क पर भर रहा है। इससे जलभराव है और लोगों का निकलना दूभर है।
मार्ग गांव से होकर सिकंदरा, झींझक व जसापुर, अंतापुर मार्ग को जोड़ता है। बीते पांच वर्षों से ग्रामीण सड़क व नाली के निर्माण किए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। ग्रामीण गोपाल सिंह, विपिन कुमार, रामचंद्र, सुखलाल व विनोद कुमार ने बताया कि सड़क लोक निर्माण विभाग से बनाई जानी है। करीब 500 मीटर में सड़क न होने से परिषदीय स्कूल में पढ़ाई के लिए जाने वाले बच्चे कई बार गिरकर चुटहिल हो चुके हैं।
वहीं, गंदे पानी से संक्रामक बीमारी फैलने का डर बना रहता है। बारिश होने पर समस्या और अधिक बढ़ जाती है। ग्राम प्रधान बलराम निषाद ने बताया कि दो बार जिला स्तरीय अधिकारियों को पत्र लिखकर नाली व सड़क निर्माण के लिए गुहार लगाई गई, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता विजय कुमार ने बताया कि समस्या की जानकारी है। जल्द ही गांव में सीसी सड़क व नाली का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।