मूसानगर (कानपुर देहात)। देवराहट थाना क्षेत्र के गौरी गांव में शुक्रवार दोपहर 12 बजे खेत पर घास छीलने को लेकर हुए विवाद में सगे भाईयों ने खेत पर मौजूद चाचा और दो चचेरे भाइयों पर फरसा, कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में राजेश की मौत हो गई। जबकि पिता - पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पुखरायां स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हत्या के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। हत्या की सूचना पर एसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन के बाद दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
गौरी गांव में रतिराम व घायल कैलाश सगे भाई हैं। कैलाश और उनके सगे भाई रतिराम के परिवार से जमींन को लेकर विवाद चला आ रहा था। घायल कैलाश ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अरविंद उर्फ भक्कू शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे खेतों में काम करने के लिए गया हुआ था। जहां वह खेत के मेड़ की घास छीलने लगा। इसको लेकर अरविंद का उनके भाई रतिराम के पुत्रों कमलेश, कालिका प्रसाद, अमलेश चचेरे भाईयों से विवाद हुआ। खेत पर मौजूद गांव के अन्य किसानों ने समझा कर मामला शांत कराया। इसके बाद सभी घर चले आए। आरोप लगाया कि कुछ देर बाद आरोपी तीनों भाई हाथों में कुल्हाड़ी फरसा लेकर खेत की ओर जाते दिखाई दिए। इस पर अनहोनी की आशंका समझ पीछे से वह भी पहुंच गए । जब वह खेत पर पहुंचा तो भाई रतिराम के पुत्र उसके बेटे अरविंद यादव से मारपीट कर रहे थे। तभी उनका बेटा राजेश भी पहुंच गया। यहां पर आरोपी चचेरे भाई कमलेश यादव, कालिका प्रसाद, अमलेश सभी एक राय होकर राजेश (42) पुत्र कैलाश की फरसा मार कर हत्या कर दी और खेत में मौजूद पिता कैलाश व भाई अरविंद पर भी हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले। हमलावरों के भागने पर घायल कैलाश ने देवराहट थाना पुलिस को जानकारी दी । दिन दहाड़े हुई हत्या की सूचना पर एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एएसपी राजेश पांडेय, सीओ रविकांत गौड़ भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
वर्जन...
मौके पर पहुंच कर घटना के कारणों को लेकर जानकारी की गई। परिवार से बातचीत में विवाद का कोई खास कारण निकल कर सामने नहीं आया है। रतीराम व घायल कैलाश सगे भाई हैं। इनके बेटों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था। मगर किसी तरह की पुलिस में शिकायत नहीं आई थी। शुक्रवार को भी विवाद हुआ। फरसा से वार कर राजेश की हत्या की गई है। पुलिस टीमें हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी