फतेहपुर के बहुआ में शराब के नशे में धुत बेटे को देखकर पिता ने टोका तो मारपीट हो गई। परिजनों के बचाव कराने के कुछ देर बाद पिता की मौत हो गई। झगड़े में मौत की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही है।
ललौली थाना क्षेत्र के पलटूपुर गांव में विजय निषाद (52) अपने बेटों नंद किशोर उर्फ नंदू, धर्मेंद्र व अरविंद के साथ कर्नाटक में कबाड़ खरीदने का काम करता था। लॉकडाउन के समय पूरा परिवार गांव आ गया था। रविवार की देर शाम नंद किशोर शराब के नशे में घर आया तो पिता विजय निषाद ने उसे टोका।
किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और मारपीट होने लगी। मारपीट देख अन्य पुत्रों व पत्नी विजयरानी ने बीच बचाव कर झगड़ा बंद कराया। कुछ ही देर में विजयरानी की चीखने की आवाज पड़ोसियों ने सुनी तो भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि विजय निषाद की मौत हो गई है। सूचना पर ललौली पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह यादव ने बताया कि पिता पुत्र में कहासुनी की बात बताई जा रही है। परिजन बता रहे हैं विजय की मौत हार्ट अटैक से हुई है। शव पर चोट के निशान भी नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जिससे मौत का कारण पता चल सके।