कानपुर में बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के मतलबपुर जुलाहा गांव में शराब का लती पति ने पत्नी से झगडने के बाद तीन मासूम बच्चों की परवाह किए बगैर अपने घर में आग लगा दी। अचानक घर से उठती लपटों को देख पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से अपनी और बच्चों की जान बचाई। ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस को आया देख शराबी पति गंगा में तैरकर गैर जनपद भाग गया है।
क्षेत्र के गंगा कटरी ग्राम पंचायत अकबरपुर सेंग के ग्राम प्रधान शशिकांत ने बताया कि पंचायत के गांव मतलबपुर निवासी राकेश पुत्र छम्मी लाल नशेबाज हैं और आए दिन शराब के नशे में पत्नी ममता सहित अपने पड़ोसियों से मारपीट करता है। बुधवार की शाम तीन बजे राकेश नशे की हालत में घर आया और पत्नी से मारपीट करने लगा। विरोध करने पर राकेश ने घर में आग लगा दी। ममता जब तक कुछ समझ पाती तब तक घर आग का गोला बन गया। चीखपुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने जैसे-तैसे ममता और उसके तीन मासूम बच्चों को आग की लपटों से बचाया।
इंस्पेक्टर ज्ञान सिंह ने बताया कि मतलबपुर जुलाहा गांव में घर में आग लगाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। लेकिन आग लगाने वाला नशेबाज राकेश गंगा में तैरकर भाग गया। पीड़ित ममता यदि पुलिस को तहरीर देती है तो कार्रवाई की जाएगी। ममता ने बताया कि पति के आग लगाने से उसकी पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई है। जिससे उसके बच्चों को दो जून की रोटी की समस्या आ गई है।