उन्नाव जिले में गंजमुरादाबाद कस्बे के जोगियाना मोहल्ले में फाग जुलूस के दौरान शरारती तत्वों ने शराब पीकर गालीगलौज कर उत्पात मचाया। समझाने का प्रयास करने पर पुलिस से अभद्रता और पथराव किया। इसमें कोतवाल, चौकी प्रभारी और एक सिपाही को चोट आईं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज से गुस्साए ग्रामीण धरने पर बैठ गए।
एडीएम और सीओ ने त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। तीन घंटे बाद जुलूस आगे बढ़ा। बांगरमऊ कोतवाली के गंजमुरादाबाद में जोगियाना मोहल्ले से शुक्रवार दोपहर दो बजे जैसे ही फाग जुलूस पहुंचा। कुछ शरारती तत्वों ने नशे में अभद्र भाषा का प्रयोग कर माहौल बिगड़ने का प्रयास शुरू किया।