कानपुर। कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान जोन-तृतीय में शनिवार को लगी कृषक चौपाल में अयोध्या से आईं ड्रोन दीदी सबीना खातून ने टिप्स दिए। उन्होंने ड्रोन के जरिये खाद, कीटनाशक के छिड़काव की जानकारी दी। ड्रोन को मोबाइल फोन के जरिये भी संचालित करने का तरीका समझाया।
एग्री ड्रोन पायलट और अब ड्रोन दीदी के नाम से मशहूर सबीना खातून ने बताया कि उन्होंने समाज सेवा के लिए नौकरी छोड़ दी। अब प्रज्ञान अयोध्या महिला किसान समिति बनाकर कार्य कर रही हैं। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट, अटारी के निदेशक डॉ. राघवेन्द्र सिंह, पद्मश्री किसान चंद्रशेखर सिंह, सीएसए के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता, महिला उद्यमी नीलम त्यागी ने विचार व्यक्त किए।
सहायक महानिदेशक (कृषि प्रसार) डाॅ. रंजय सिंह, डाॅ. आरआर बर्मन, समस्त आईसीएआर अटारी के निदेशक, प्रदेश के समस्त केवीके के विज्ञानी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े।