कानपुर। कोपरगंज चौराहे पर रविवार सुबह ट्रक की सफाई कर रहे हमीरपुर निवासी बबलू कुमार (35) की दो ट्रकों के बीच दबकर मौत हो गई। आरोप है कि दूसरे ट्रक के चालक ने जानबूझकर गाड़ी आगे बढ़ा दी जिससे बबलू दोनों वाहनों के बीच कुचल गया। हादसे के बाद चालक भाग निकला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल रहा।
हमीरपुर, सुमेरपुर के बरुआ कैथी निवासी बबलू के बड़े भाई रामबाबू महाराष्ट्र में नौकरी करते हैं। परिवार में पिता मलखान, भाई राजू और बबलू थे। रामबाबू ने पुलिस को बताया कि बबलू 20 साल से कानपुर में रहकर ट्रक चलाता था। रविवार को कानपुर में हुए हादसे में उसकी मौत की जानकारी मिली। बबलू अविवाहित था। उसने बड़े भाई रामबाबू की बेटी मोहनी को गोद ले रखा था। वह उसकी पढ़ाई का खर्च उठाता था और उसे पढ़ाकर उसकी शादी करना चाहता था। भाइयों ने दूसरे ट्रक चालक पर जानबूझकर कुचलने का आरोप लगाया है। कलक्टरगंज थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि हादसे में चालक की मौत हुई है। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।