भरथना। कस्बा के मोहल्ला महावीर नगर के लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कई बार ताे स्थिति यह हो जाती है कि पीने के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं हो पाता। ऐसे में वह बाल्टी लेकर पानी के लिए इधर उधर भटकते हैं। सुबह पानी न मिल पाने के कारण स्कूल आने जाने वाले छात्र छात्राएं नहाने को भी तरस जाते हैं। कभी कभी तो बर्तन और कपड़े नहीं धुल पाते हैं। पीने का पानी जुटाने के लिए उन्हें हैंडपंप पर लाइन लगानी पड़ती है। मोहल्ले की सुलोचना देवी ने बताया कि बीते कई महीनों से मोहल्ले में बस कुछ मिनट के लिए ही पानी आता है, पर्याप्त पानी नहीं मिलने से घरेलू कार्यों में दिक्कत आती है। मोहल्ले की विनीता देवी का कहना है कि पर्याप्त पेयजलापूर्ति नहीं मिलने से गली में लगे सरकारी हैंडपंप से पानी लाना पड़ता है। परिवार के सदस्यों को कई बार बिना नहाए ही काम पर जाना पड़ता है। सभासद गीता देवी ने बताया कि पिछले छह महीनों से पेयजल आपूर्ति की समस्या से वार्ड वासी परेशान है। समस्या से निजात के लिए अपने स्तर से कई बार पालिका प्रशासन व बोर्ड की बैठक में लिखित व मौखिक रूप से शिकायत की लेकिन समस्या का अब तक निस्तारण नहीं हो सका।