फोर्टिस अस्पताल, नई दिल्ली के गेस्ट्रोइंट्रोलॉजिस्ट प्रोफेसर गौर चौधरी के अनुसार एस्केरिस से आंतों के जख्मों को ठीक करने के लिए शोध चल रहा है। शोध में ऐसे मरीजों के पेट में एस्केरिस पहुंचाए गए, जिनकी आंतों में जख्म थे, शुरुआत में ही सार्थक परिणाम सामने आए। उन्होंने पेट की बीमारियों से बचाव के लिए मिनरल वॉटर की जगह शुद्ध पानी पीने पर जोर दिया।
कानपुर के मेडिकल कालेज में आयोजित आईएमए सीजीपी रिफ्रेसर कोर्स में डॉ. चौधरी ने डॉक्टरों को बताया कि रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से भी कभी-कभी आंतों में घाव (क्रोंस डिसीज) हो जाते हैं। 20 साल में आंतों में घाव के मरीज दोगुने हो गए हैं। प्रोसेस्ड फूड, फास्ट फूड, मिनरल वाटर आदि भी इसकी वजह हैं। दर्द निवारक दवाओं से भी आंतों में जख्म हो सकते हैं।
कुछ एंटीबायोटिक्स दवाओं से हेल्थी कीटाणु मर जाते हैं, इससे पेट में गड़बड़ी, डाइजेशन, स्वास्थ्य, मूड प्रभावित होता है। हृदय रोगियों को खून पतला करने के लिए दी जाने वाली ऐस्परिन यदि नॉन कार्डियक पेशेंट को दी जाए तो ब्लीडिंग हो सकती है। उन्होंने बताया कि गले की नसें मोटी होकर फटना खतरनाक बीमारी है।