फोटो -
कानपुर। केडीए ने गुरुवार को लाटरी के माध्यम से एल्डिको बसेरा में 56 परिवारों का आशियाने का सपना पूरा किया। कई आवेदनकर्ताओं ने सफल आवेदक के रूप में अपने नाम की घोषणा होते ही खुशी जताई। अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह, केडीए में प्राधिकरण उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर सचिव अभय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में विक्रय जोन-2 की तरफ से एल्डिको टाउनशिप एंड हाउसिंग लिमिटेड की योजना एल्डिको बसेरा (एल्डिको काउंटी) सेक्टर-9, जवाहरपुरम में बने 56 ईडब्ल्यूएस फ्लैटों के लिए लॉटरी हुई। इसके लिए पिछले साल नौ दिसंबर से 23 दिसंबर तक 172 लोगों ने आवेदन फार्म भरे थे। आवेदनकर्ताओं की सूची प्राधिकरण सूचना पट एवं प्राधिकरण की वेबसाइट पर प्रकाशित करने के बाद लॉटरी के लिए नामित सदस्यों और ओएसडी मीनाक्षी गुप्ता आदि की मौजूदगी में लाटरी कराई गई। लाटरी की पारदर्शिता के मद्देनजर वीडियोग्राफी भी कराई गई। ब्यूरो