डाॅ. संजीवनी
- फोटो : स्वयं
कानपुर। लंबे समय से प्लास्टिक कचरे के खिलाफ अभियान चला रहीं डाॅ. संजीवनी ने इस नवरात्र पर गंगा काे इस कचरे से बचाने की नई पहल शुरू कर रही है। साथ ही सभी घरों में नवरात्र की पूजा प्राकृतिक वस्तुओं से तैयार पूजन सामग्री से हो, इसका भी इंतजाम किया है। संजीवनी के संगठन कानपुर प्लागर्स फाउंडेशन के साथ इस काम में गंगा सूत्र संस्था भी हाथ बंटा रही है। गंगा नदी के किनारे फेंकी जाने वाली पूजन सामग्री और प्लास्टिक को इकट्ठा किया जा रहा है। लोगों को इस तरह की सामग्री न फेंकने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
टीम ने देसी गाय के गोबर से हवन सामग्री किट भी तैयार की है। इसमें कपूर, हल्दी, जाै, मिश्री, पंचमेवा, इत्र, माचिस, लाैंग, इलायची, अक्षत, कलावा, बत्ती, सुपारी, रोली सभी शामिल है। कानपुर प्लागर्स की ओर से अपने शहर के साथ देश के दूसरे शहरों में भी प्लास्टिक कचरे के खिलाफ अभियान छेड़ा गया है। पिछले महीने अगस्त में संजीवनी ने प्लागिंग ड्राइव अभियान चलाया था। प्लागर्स फाउंडेशन और प्रकृति फाउंडेशन ने सार्वजनिक स्थानों पर सफाई अभियान चलाया था। संजीवनी की इस पहल को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने मन की बात कार्यक्रम के तहत प्लागर्स फाउंडेशन और संजीवनी जिक्र करते हुए लोगों से प्लास्टिक कचरे से वातावरण को बचाने की अपील कर चुके हैं। (संवाद)