कानपुर। माती स्पोर्ट्स स्टेडियम में बेसिक हॉकी फाउंडेशन की ओर से आयोजित अंडर-15 स्व. दिलीप घोष मेमोरियल फाइव-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता हुई। डीपीएस बर्रा की टीम ने फाइनल में बेसिक हॉकी फाउंडेशन को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में आठ टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले में न्यू लाइट इंटर कॉलेज ने जसवंत पब्लिक स्कूल को 4-1 से हराया। डीपीएस बर्रा ने ब्राइड एंजल पब्लिक स्कूल को 4-0 से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में बेसिक हॉकी फाउंडेशन ने एकलव्य इंटर कॉलेज को 2-0 से पराजित किया। सेमीफाइनल में डीपीएस बर्रा ने न्यू लाइट इंटर कॉलेज को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में बेसिक हॉकी फाउंडेशन की टीम ने जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। फाइनल में डीपीएस बर्रा ने बेसिक हॉकी फाउंडेशन को शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रवीण दत्त भार्गव, शिल्पी निगम, डॉ. दीपिका सेंगर, मो. आसिम खान और हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात के सचिव पाल देवेंद्र ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। सचिव पाॅल देवेंद्र ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चुनकर टीम गठित की जाएगी। टीम ग्रीनपार्क के एस्ट्रो टर्फ पर आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय सेवन-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।