लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से कानपुर नगर में सेवायोजन कार्यालय में तैनात जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) की मौत हो गई। उनका चयन 2018 पीसीएस में लेखाधिकारी के पद पर हुआ था, लेकिन अभी उन्होंने कार्यभार गृहण नहीं किया था।
डीएम की स्वीकृति पर रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मूल रूप से हरदोई जिले के मल्लावां थाना क्षेत्र के काजीपुर फरहदनगर निवासी आफताब आलम (30) पुत्र अब्दुल शमद कानपुर में सेवायोजन विभाग में डीपीओ थे। परिवार लखनऊ में रहता है।
सोमवार शाम वह बाइक से कानपुर से लखनऊ जा रहे थे। हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर नरी गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में आफताब आलम की मौके पर ही मौत हो गई। जेब से मिले कागजात, पहचान पत्र के आधार पर उनके मोबाइल से परिजनों व अधिकारियों को सूचना दी गई।
रात आठ बजे उन्नाव पहुंचे परिजनों ने रात में ही पोस्टमार्टम कराने की अनुमति लेने के लिए डीएम से मुलाकात की। डीएम की अनुमति पर सीएमओ ने दो डाक्टर की ड्यूटी लगाई। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। बड़े भाई साहिबे आलम कुवैत में पेट्रोलियम कंपनी में इंजीनियर हैं। अन्य दो भाई शहंशाह व चिराग हैं। मृतक का विवाह हरदोई के शाहाबाद में तय हो चुका था।