चकरनगर। ब्लॉक के सेंट जेवियर स्कूल गनियावर में मंगलवार को साइबर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया और विशिष्ट अतिथि सीओ रामदवन मौर्या ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचने की जानकारी दी। एसडीएम ने कहा कि आज डिजिटल युग में सावधानी आवश्यक है। सोशल मीडिया पर अपने जानने वालों को ही मित्र बनाएं। लोग लड़कियों की फोटो लगाकर ब्लैकमेल कर सकते हैं। सीओ रामदवन मौर्या ने बताया कि मोबाइल का पासवर्ड किसी को न बताएं, न ओटीपी साझा करें, एटीएम का पिन किसी के साथ शेयर न करें। बताया कि अनजाने लिंक पर क्लिक करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति फोन पर खुद को सेना का अधिकारी बताता है या कोई अन्य प्रलोभन देकर जानकारी लेता है। तो उसकी पूरी जानकारी लेकर और पुष्टि के बाद ही आर्थिक लेन-देन करें। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। स्कूल के मैनेजर फादर फ्रांसिस जोसेफ ने भी बच्चों को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। सभी उपस्थित लोगों से अपने परिवार व दोस्तों को भी जागरूक करने की अपील की। इस दौरान प्रिंसिपल सिस्टर नव्या व शिक्षकगण मौजूद रहे।